पौड़ी 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में यह अभियान चलाया गया। राज्यभर में 16 से 22 नवंबर तक संचालित विशेष अभियान के तहत स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्रों के साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। टीम ने बसों की तकनीकी स्थिति का जायजा लेने के साथ अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता भी परखी।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम एवं केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचने की हिदायत दी गई। साथ ही वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने और सभी सुरक्षा उपकरणों को क्रियाशील बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने चालकों को बच्चों को बस में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सावधानी बरतने तथा यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ विमल पाण्डेय, एआरटीओ पौड़ी मंगल सिंह, आरआई विपिन रावत, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, अधिकार मित्र विनीता चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
