देहरादून 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की कृषि और खाद्यान्न सुरक्षा में संस्थान के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंतनगर की धरती ने अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश में हरित क्रांति की मजबूत नींव रखी थी।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करना संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न नवाचारों की भी सराहना की। इनमें संकर चारा मक्का की किस्मों का विकास, ओपीयू-आईवीएफ तकनीक से बद्री गाय की बछिया का जन्म, मालू के रेशों से वस्त्र निर्माण, धान की भूसी से ट्राइकोडर्मा उत्पादन और पंत वीड गाइड ऐप प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और कृषि संभावनाओं को देखते हुए पर्वतीय कृषि, जलवायु अनुकूल बीजों, कम लागत वाली तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर विशेष अनुसंधान की जरूरत है। इससे पर्वतीय किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि को लाभकारी बनाया जा सकेगा और पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित युवा कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय कृषि स्टार्टअप और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करने वाले बनने का आह्वान किया। साथ ही नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और नवाचार में लगाने की अपील की।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इन योजनाओं का लाभ तकनीकी प्रसार के माध्यम से सीधे किसानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए छात्राओं के लिए शुरू की गई ‘द वाइब स्ट्रीट’ जैसी परिसर की पहलों को भी सराहनीय बताया।
समारोह में राज्यपाल ने चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अनुमेय सिंह, नंदनी, मीमांशा और राहुल कुमार को सम्मानित किया। इस दौरान ‘राइजिंग पंतनगर’ पुस्तक सहित दस ब्रोशर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप, डीन बीएस चलाल, कुलसचिव डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
