पौड़ी 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पौड़ी की खूबसूरत वादियों में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर करीब 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से पार्क का उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जिपलाइन का रोमांच लिया, जबकि महिलाओं की झुमैलो और चौफला लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे।
प्रकृति की गोद में विकसित इस पार्क में पर्यटकों के लिए 10 प्रकार की साहसिक गतिविधियां शुरू की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, लॉग टू लॉग ब्रिज, टनल, स्पेस वॉक, वॉल टू वॉल ब्रिज, मोगली ब्रिज, जिग-जैग ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग शामिल हैं। इसके अलावा यहां मड कैफे, ओपन जिम, बच्चों के लिए झूले और बैठने की व्यवस्था भी की गई है। इससे पर्यटकों को एक ही स्थान पर रोमांच और मनोरंजन की सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी शहर में लंबे समय से इस तरह के पर्यटन स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के शुरू होने से शहर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय बच्चों को यहां साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे भविष्य में वे प्रशिक्षक के रूप में भी रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। पार्क की सुरक्षा, स्वच्छता और रखरखाव की जिम्मेदारी सभी को मिलकर निभानी होगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि जिला योजना के तहत करीब 95 लाख रुपये की लागत से एक वर्ष से भी कम समय में पार्क तैयार किया गया है। इसके निर्माण में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने बताया कि पार्क में संचालित होने वाली सभी साहसिक गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की निगरानी में होंगी और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कैफे और अन्य गतिविधियों के संचालन के लिए भी कार्मिकों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म के प्रति पर्यटकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पौड़ी में इस तरह की सुविधा विकसित होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण लेकर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय नागरिकों से पार्क का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से पौड़ी को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।
नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि इको एडवेंचर पार्क शहर की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने लोगों से पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखने की अपील की।
उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एसोसिएशन टूर ऑपरेटरों को यहां के पर्यटन स्थलों और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराएगा, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक पौड़ी पहुंच सकें। उन्होंने पौड़ी को मसूरी और लैंसडाउन की तर्ज पर पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की बात कही। एसोसिएशन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पौड़ी में उत्तराखंड टूर कॉन्क्लेव आयोजित करने की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने जिपलाइन का अनुभव लेकर साहसिक गतिविधियों की शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन का आनंद लिया। महिलाओं ने पारंपरिक झुमैलो और चौफला लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेनि) ने पार्क के विकास के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, राकेश नौडियाल, वन पंचायत के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी व संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया।
