पौड़ी 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनगणना के कार्य में कोई भी परिवार शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारी व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के साथ घर-घर जाकर शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करें। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने जनगणना कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े एकत्र करने के लिए नागरिकों को दो विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पहले विकल्प के तहत प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारी जुटाएंगे, जबकि दूसरे विकल्प में नागरिक स्वयं मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार की स्व-गणना कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्व-गणना के प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना की प्रक्रिया सरल और सुगम बनाई जा सके। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व भवन गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब जनगणना के आगामी चरणों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराया जाना है। उन्होंने शिक्षा विभाग और पॉलिटेक्निक संस्थानों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित कर उनके मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही विद्यार्थियों के जरिए उनके परिवारों और आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के महत्व की जानकारी देने को कहा।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, प्रभारी मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
