श्रीनगर 23 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
श्रीनगर में सोमवार को ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर शहरवासियों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। खुली जीप में सवार होकर निकले मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्थानीय लोगों ने अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ी संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा।
मेले में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, विरासत और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर की पौराणिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पावन धरा का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास बेहद गौरवशाली है।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित की जाएगी। इसके अलावा श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक घाट बनाए जाएंगे। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है। इसे जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी श्रीनगर का निर्माण कार्य चल रहा है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर अब तक करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क को दो लेन करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। नैथाणा और रानीहाट रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सड़क और नाली निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी। बैणी भुली योजना के तहत लाभार्थियों को दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। नकलविरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है, जबकि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को अनेक विकास योजनाओं की सौगात मिली है। श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया। साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का भी विमोचन किया गया।
इससे पूर्व महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए श्रीनगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, एसएसपी सर्वेश पंवार, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
