पौड़ी 24 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
कोरोना काल में दिल्ली से गांव लौटीं कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम देवल निवासी सम्पत्ति देवी ने मुर्गी पालन को स्वरोजगार का जरिया बनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने गांव में ही मुर्गी पालन की मदर यूनिट स्थापित कर कारोबार खड़ा किया है। उनकी इकाई से प्रतिदिन औसतन 2,500 रुपये की बिक्री हो रही है।
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनके पति नागेन्द्र सिंह दिल्ली से गांव लौटे थे। इसके बाद परिवार ने शहर वापस जाने के बजाय गांव में ही रोजगार शुरू करने का निर्णय लिया। राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सम्पत्ति देवी ने पति के सहयोग से सीमित संसाधनों में मुर्गी पालन शुरू किया। शुरुआती सफलता से उत्साहित होकर उन्होंने इस काम को विस्तार देने की योजना बनाई।
उनके उद्यम को आगे बढ़ाने में ग्रामोत्थान परियोजना का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुर्गी पालन के लिए तीन लाख रुपये की योजना स्वीकृत हुई। इसमें डेढ़ लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये परियोजना अनुदान और 75 हजार रुपये लाभार्थी अंशदान शामिल है। इस धनराशि से उन्होंने मुर्गियों के लिए शेड तैयार करने के साथ उन्नत नस्ल के चूजों और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की।
वर्तमान में उनकी मदर यूनिट में 300 से 400 मुर्गियां और करीब 100 चूजे हैं। इकाई से प्रतिदिन औसतन 2,500 रुपये की बिक्री हो रही है। इस तरह मासिक बिक्री करीब 75 हजार रुपये तक पहुंच रही है। दाना, दवा, बिजली और अन्य खर्चों के बाद उन्हें प्रतिमाह लगभग 18,750 रुपये का शुद्ध परिचालन लाभ मिल रहा है।
ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि सम्पत्ति देवी का प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं का बेहतर उदाहरण है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव और परियोजना के वित्तीय सहयोग से उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने में मदद मिली है। उनका यह प्रयास क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।
सम्पत्ति देवी ने दिल्ली से गांव लौटने के बाद रोजगार की तलाश करने के बजाय खुद का रोजगार खड़ा करने का रास्ता चुना। आज उनका यह निर्णय परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में महिला उद्यमिता की नई राह भी दिखा रहा है।
