पौड़ी 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपदभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के पालन का संकल्प लिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देने के साथ ही समान अवसर उपलब्ध कराने की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संविधान के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने तथा जनसेवा में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की।
सहायक निदेशक अभियोजन जावेद अहमद ने संविधान के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समान नागरिक संहिता, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक संविधान में निहित मूल्यों और मूल कर्तव्यों को अपने कार्यों में शामिल करें तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें।
इसके अलावा जनपद के सभी विद्यालयों में भी संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें संविधान के प्रति सम्मान रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत एवं कुसुम तड़ियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश ममगाईं, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
