पौड़ी 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
वन्यजीवों के हमले में पशुधन गंवाने वाले पशुपालकों को राहत देने के लिए वन विभाग ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जनपद में पिछले दस दिनों के भीतर पशुक्षति के 588 मामलों में प्रभावित पशुपालकों को कुल 1 करोड़ 96 लाख 5 हजार रुपये का मुआवजा वितरित किया गया है। इससे प्रभावित परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
दरअसल, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024 से लंबित पशुक्षति के एक मामले का संज्ञान लेते हुए वन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को संबंधित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनका भी शीघ्र निस्तारण करने को कहा था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वन्यजीवों के हमले में पशुधन की क्षति होने पर प्रभावित परिवारों को समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और एहतियाती उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के साथ प्रभावित पशुपालकों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी की जा रही है। इसके अलावा झाड़ियों का कटान, सोलर एवं फॉक्स लाइट लगाने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पशुधन क्षति के मामलों में जांच और आकलन के बाद पात्र पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को राहत देने के साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
