पौड़ी 27 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा एवं जांच उपकरण उपलब्ध कराने, खराब मशीनों को बदलने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में चिकित्सकों ने बताया कि करीब चार माह पूर्व उपलब्ध कराई गई नॉन कॉन्टेक्ट रेटिनोमीटर मशीन से प्रतिदिन लगभग 50 नेत्र रोगियों को लाभ मिल रहा है। इसके लिए चिकित्सकों ने जिलाधिकारी का आभार जताया। इसके अलावा ईसीजी और ओटी टेबल उपलब्ध कराने पर भी धन्यवाद दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल सकेगा। इससे उन्हें छोटी-छोटी जांच और उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने तत्काल आवश्यक उपकरणों के प्रस्ताव जिला स्तर पर तैयार करने और अधिक लागत वाले उपकरणों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में एनेस्थीसिया विभाग के लिए एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन और पैरामॉनिटर, स्त्री रोग विभाग के लिए ए-स्कैन मशीन, ईएनटी विभाग के लिए इयर सर्जिकल ड्रिल, ओएई मशीन, टिम्पेनोमेट्री मशीन और एंडोस्कोपी यूनिट उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही वेंटिलेटर, पोर्टेबल एक्स-रे, लैप्रोस्कोपिक मशीन, सीआर मशीन और पावर ड्रिल मशीन की आवश्यकता भी रखी गई।
जिलाधिकारी ने खराब पड़े बायोकेमिकल एनालाइजर को ठीक कराने तथा पुरानी फेको मशीन के स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में फाइन नीडल एस्पिरेशन साइटोलॉजी (एफएनएसी) जांच की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को इस जांच के लिए अन्यत्र न जाना पड़े।
अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सीएमएस को एक अतिरिक्त ओटी टेक्नीशियन की व्यवस्था करने तथा लैब टेक्नीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ड्यूटी चार्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने अस्पताल में स्थापित सभी चिकित्सा एवं जांच उपकरणों का नियमित रखरखाव करने और तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीएमएस को प्रत्येक माह चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभागवार आवश्यकताओं और उपकरणों की कार्यक्षमता की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. हितेन जंगपांगी, डॉ. संजय त्यागी, डॉ. आनंद खंकरियाल, डॉ. रूपा, डॉ. निहारिका बिष्ट, डॉ. सोनाली जोशी, डॉ. अश्विनी चौहान, डॉ. गौरव रूंगटा, डॉ. प्रदीप चौधरी, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अगम कांत सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
