पौड़ी 28 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को पौड़ी जनपद में नौ अलग-अलग स्थानों पर वृहद मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में बाढ़, भूस्खलन, बादल फटना, अग्निकांड, भूकंप, सड़क दुर्घटना और रासायनिक रिसाव जैसी आपातकालीन परिस्थितियां तैयार कर विभागीय तैयारियों को परखा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मॉक अभ्यास के तहत लक्ष्मणझूला के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति दर्शाई गई। इसमें प्रभावित लोगों को अलर्ट करने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत एवं बचाव दलों की मदद से उन्हें निकालने का अभ्यास किया गया। वहीं पौड़ी ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ और आग लगने की स्थिति तैयार की गई। इस दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देने, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने और गंभीर घायलों के लिए हेलीकॉप्टर रेस्क्यू की व्यवस्था का अभ्यास किया गया।
श्रीनगर स्थित जीवीके डैम के प्रभावित होने की काल्पनिक स्थिति में बाढ़ के पानी में बह रहे लोगों की खोज एवं बचाव अभियान चलाने और प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया। चाकीसैंण के ग्राम दौला में भूस्खलन और बादल फटने से दो मकानों के पूरी तरह तथा तीन मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने का परिदृश्य तैयार किया गया। इसी तरह थलीसैंण के ग्राम गंगाऊं में बादल फटने से दो ग्रामीणों के लापता होने और चार से पांच पशुओं के मलबे में दबने की स्थिति में खोज एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
धुमाकोट के ग्राम रिंगताल्लीखट्टा के समीप बस दुर्घटना का परिदृश्य तैयार कर 10 घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। चौबट्टाखाल के देवराजखाल क्षेत्र में जंगल में आग लगने की स्थिति में वन विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाने और उसे आबादी क्षेत्र तक फैलने से रोकने का अभ्यास किया।
कोटद्वार के लोकमणिपुर स्थित दवा निर्माण इकाई में जहरीली गैस और रासायनिक पदार्थ के रिसाव की स्थिति तैयार की गई। इसमें प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने, लोगों को बाहर निकालने और रिसाव पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया परखी गई। वहीं जिला चिकित्सालय पौड़ी के आपातकालीन भवन के एक हिस्से को भूकंप से क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भवन में फंसे लोगों को निकालने, घायलों को उपचार देने और अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं सुचारू रखने का अभ्यास किया गया।
मॉक अभ्यास की निगरानी कलेक्ट्रेट सभागार स्थित आपदा परिचालन केंद्र से की गई। यहां से सभी नौ स्थानों पर चल रही गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सूचनाओं का आदान-प्रदान और विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। अभ्यास के माध्यम से आपदा के दौरान उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, त्वरित प्रतिक्रिया और जन-धन की हानि को न्यूनतम करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप काला, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, एसएसबी के अधिकारी नयाल सिंह एवं श्याम प्यारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
