पौड़ी 15 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को पैनल अधिवक्ताओं एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के अधिवक्ताओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। प्राधिकरण के कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सिविल जज एवं प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने की। बैठक में पैनल अधिवक्ताओं के लिए जारी नयी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गयी। साथ ही अधिवक्ताओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता के तहत आने वाले मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ता विधिक सहायता प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की प्रगति की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने प्रकरणों से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करने और कार्य निष्पादन का पूरा विवरण रखने को कहा। बैठक में पैनल अधिवक्ताओं एवं एलएडीसीएस के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की स्थिति और लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
सचिव ने अधिवक्ताओं को निर्देश दिए कि वे नई एसओपी के प्रावधानों का गंभीरता से अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि विधिक सहायता के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिवक्ता समन्वय के साथ कार्य करें।
