

देहरादून 15 फरवरी
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने राज्य के आर्थिक सर्वे के चुनिंदा आंकड़े प्रस्तुत किए। इन आंकड़ों के अनुसार, राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 378.24 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 332.99 हजार करोड़ रुपये था।
इस प्रकार, राज्य की अर्थव्यवस्था में 13.59 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाई गई है, जबकि वर्ष 2023-24 में यह वृद्धि दर 13.78 प्रतिशत रहने का अनुमान था।
इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की प्रतिवर्ष प्रति व्यक्ति आय 2,74,064 रुपये होने का अनुमान है, जो कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में 11.33 प्रतिशत अधिक है। राष्ट्रीय स्तर पर, वर्ष 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय 2,00,162 रुपये अनुमानित है, जो कि वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
वास्तविक सकल राज्य घरेलू उत्पाद (आधार वर्ष 2011-12) के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अर्थव्यवस्था का आकार 217.82 हजार करोड़ रुपये का स्तर प्राप्त करने का अनुमान है, जबकि वर्ष 2023-24 में यह 204.32 हजार करोड़ रुपये था।
वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 6.61 प्रतिशत अनुमानित है, जबकि वर्ष 2023-24 में यह 7.83 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय स्तर पर, वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक विकास दर 6.4 प्रतिशत प्रदर्शित की गई है, जबकि वर्ष 2023-24 में यह 8.2 प्रतिशत थी।
