पौड़ी 14 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर ब्लॉक के सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को आकर्षक पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने संबंधित विभागों को 20 नवंबर तक विस्तृत आगणन एवं कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि तीनों पर्यटन स्थलों का विकास उनकी धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। कण्वाश्रम की पौराणिक विरासत को विशेष पहचान देने के लिए यहां थ्रीडी डिजाइन तैयार करने के साथ पूरे परिसर का कलात्मक एवं आकर्षक स्वरूप विकसित किया जाएगा। योजना के तहत कैनाल किनारे पहाड़ी पत्थरों का उपयोग, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक साइनेज, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट, शौचालय और पेयजल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण के साथ पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में हट्स एवं घाट निर्माण की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
वहीं, प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक सुधार किए जाएंगे। मंदिर परिसर में शौचालय और दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित क्षेत्रों का सुधारीकरण, पैदल मार्ग का प्राकृतिक शैली में विकास, रेलिंग निर्माण, पेंटिंग और साइनेज लगाए जाएंगे। मंदिर के प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने के साथ लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश दिए गए। पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
इधर, यमकेश्वर ब्लॉक के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क का भी कायाकल्प किया जाएगा। पार्क में सुरक्षा दीवार, रेलिंग की मरम्मत, बेंच, शौचालयों का सुधारीकरण, पाथवे, सेल्फी प्वाइंट और विद्युत सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा अस्थायी दुकानों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसके लिए संबंधित नगर निकाय से आवश्यक अनुमति लेने की बात कही गई।
पर्यटन विकास के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने पर भी प्रशासन का विशेष जोर है। सिरासू क्षेत्र में होमस्टे संचालन और पर्यटन आधारित रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार 20 नवंबर से क्षेत्र की 20 महिलाओं को मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्ताव स्थानीय जरूरतों, प्राकृतिक परिवेश और स्थलों के महत्व को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू का योजनाबद्ध विकास होने से जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय कारोबार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित हितधारक मौजूद रहे।
