
देहरादून 15 मार्च
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में आधा दर्जन से अधिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया। इन सुविधाओं में लेजर सर्जरी, नेक्स्ट जनरेशन ई-हॉस्पिटल, ओपीडी हेल्प डेस्क, कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड लेवल-2, ब्लड सेम्पलिंग व रिपोर्टिंग काउंटर शामिल हैं।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने बताया कि दून अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लगातार सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल के वार्डों एवं परिसर में बेहतर सफाई व्यवस्था के निर्देश दिये गये हैं, साथ ही सफाई कर्मियों व अन्य चतुर्थ श्रेणी स्टॉफ के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया है।
इसके अलावा, डॉ. रावत ने बताया कि दून मेडिकल कॉलेज में दो नये विभाग न्यूरोलॉजी व गैस्ट्रोलॉजी खुलने वाले हैं, साथ ही कार्डियोलॉजी विभाग में शीघ्र ही एक और फैकल्टी तैनात की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड से करीब 1314 नर्सिंग अधिकारियों का चयन किया गया है, जिसमें से 300 नर्सिंग अधिकारी दून मेडिकल कॉलेज में तैनात किये जायेंगे।
