

मुनिकीरेती 2 जनवरी
गजेंद्र सिंह
नगर पालिका परिषद् मुनिकीरेती ढालवाला में चार महिला प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर होगी। यहां भाजपा से बीना जोशी, कांग्रेस से उर्मिला राणा और निर्दलीय प्रत्याशी नीलम बिजल्वाण और निर्मला उनियाल चुनावी मैदान में हैं। सूत्रों की मानें तो निर्मला उनियाल ने भी भाजपा से अध्यक्ष पद पर टिकट के लिए दावेदारी की थी। लेकिन भाजपा ने निर्मला के स्थान पर बीना जोशी पर विश्वास जताया और जोशी को भाजपा का प्रत्याशी बना दिया। संगठन से नाराज निर्मला उनियाल ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय ताल ठोकी है। हालांकि निर्मला का निर्दलीय पद पर दावेदारी करने से कई प्रत्याशियों का समीकरण बिगड़ गया। सूत्रों की मानें तो भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता निर्मला पर नाम वापस के लिए दबाव बना रहे थे, संगठन के शीर्ष नेताओं से लेकर हर स्तर के नेताओं ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानी। आखिरकार उन्होंने अध्यक्ष पद पर निर्दलीय दावेदार की है। निर्मला वर्ष 2008 से वर्ष 2013 तक जिला पंचायत सदस्य ढालवाला रही है। इसके अलावा निर्मला सामाजिक क्षेत्र में सक्रिया भूमिका निभाती है। सूत्रों की मानें तो नवगठित पालिका क्षेत्र ढालवाला निर्मला का गढ़ माना जाता है।
