

देहरादून 19 मार्च
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में धामी सरकार के तीन साल पूरे होने पर 22 मार्च से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से वर्चुअल बैठक में अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 22 से 25 मार्च तक प्रदेशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों में जनता से जुड़ाव के लिए प्रभावी पहल की जाए। 23 मार्च को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे होने पर विकासखंड स्तर तक बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाए। स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य से संबंधित उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। जन सरोकारों से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन साल के कालखण्ड में राज्य की जनभावनाओं के अनुरूप विकास के कई प्रतिमान स्थापित किये गये हैं। कई ऐसे निर्णय लिये गये हैं, जो राज्यहित के लिए नितान्त जरूरी हैं। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी जैसे ऐतिहासिक कानून लागू किये गये, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य को अलग पहचान मिली है। राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए पहली बार राज्य का बजट 1 लाख करोड़ के पार पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के प्राकृतिक जलस्रोतों के संवर्धन के साथ ही चाल-खाल, कुओं, गाड-गदेरों के पुनर्जीवीकरण के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास किए जाएं। ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत प्रदेशभर में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
