
पौड़ी 26 मई
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार तथा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम के निर्देशन में विकासखण्ड कल्जीखाल के ग्राम कठूर में नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना-2010 के अंतर्गत ग्रामीण विधिक सेवा केंद्र का उद्घाटन एवं विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरुक करना तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान सचिव महोदया द्वारा नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना-2010 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के उपयोग एवं लाभों की जानकारी भी साझा की गयी।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, मानव तस्करी से संबंधित कानूनों तथा पीड़ितों को उपलब्ध विधिक सहायता, पुनर्वास एवं संरक्षण योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है। साथ ही अधिक से अधिक ग्रामीणों से ग्रामीण विधिक सेवा केंद्रों का लाभ उठाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गयी।
इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय में दिनांक 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गयी। कार्यक्रम में सचिव ने अपील की कि उच्चतम न्यायालय में लंबित वादों एवं प्रकरणों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर समाधान समारोह के माध्यम से निस्तारित कराने हेतु आगे आएं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कठूर सुदर्शन सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक धीरज सिंह, ग्राम विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद भट्ट, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भगवत सिंह, अधिकार मित्र सज्जन सिंह, कुमारी रक्षंदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
