पौड़ी 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्रदान किया गया है। इन स्वास्थ्य केंद्रों ने गुणवत्ता से जुड़े निर्धारित 12 मानकों पर खरा उतरते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
प्रमाणन मिलने के बाद इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने का रास्ता खुल गया है। प्रत्येक प्रमाणित केंद्र को दो लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस धनराशि से दवाइयों, जरूरी उपकरणों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, बाल स्वास्थ्य देखभाल तथा गंभीर और पुरानी बीमारियों की स्क्रीनिंग जैसी सेवाओं को लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य उपकेंद्र बिशल्ड की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मोनिका रावत ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन मिलने से केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रोत्साहन राशि से आवश्यक संसाधन और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
वहीं, एएनएम मेनका ने बताया कि प्रमाणन के बाद केंद्र में दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार और आवश्यक जांच के लिए दूर स्थित अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि जनपद के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों को पूरा कर यह प्रमाणन हासिल किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
