देहरादून 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। बीरोंखाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, क्षेत्र पंचायत और बूथ स्तर से जुड़े पदाधिकारियों समेत 34 लोगों ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल कराया।
भाजपा में शामिल होने वाले लोगों ने चौबट्टाखाल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व तथा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों पर भरोसा जताया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाएगा और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने की बात कही।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य चोरखिंडा रितिक नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खिटोटिया-कोठिला कुलदीप सजवाण, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एनएसयूआई से जुड़े शुभम रावत, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार तथा चोरखिंडा के कांग्रेस बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा द्वारीखाल ब्लॉक के राधा कृष्ण कुकरेती और सत्य प्रकाश कुकरेती, सतपुली क्षेत्र के महीधर जुयाल और भुवनेश ध्यानी, वरसुंड के सोहन सिंह नेगी और संजय सिंह नेगी, महरगांव के ताजवर सिंह नेगी और अर्जुन सिंह नेगी, कोलागाड़ के रमेश सिंह रावत, एकेश्वर ब्लॉक के थापली गांव के विशंभर सिंह बिष्ट, इगारा विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष मदन लाल ध्यानी सहित कई अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वालों में दाता राम ध्यानी, अनिल ध्यानी, अनूप ध्यानी, परमानंद ध्यानी, पोखड़ा के खूब सिंह रावत और मोहन सिंह बिष्ट, शिव मोहन नेगी, अनूप रावत, एकेश्वर के नौगांव निवासी अमन नेगी और कृष्ण कुमार, मनकोट के अंकित कुमार, एकेश्वर के तछवाण निवासी विजयी असवाल भी शामिल हैं।
वहीं, सिलेत गांव की पूनम रावत, अंजू रावत, सुषमा रावत, संतोषी देवी और शोभा देवी ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कई पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत ने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस राजनीतिक घटनाक्रम को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और कांग्रेस के स्थानीय संगठन के लिए एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
