पौड़ी 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 18 नवंबर को एक से 19 वर्ष तक की आयु के 1,22,663 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 2237 विद्यालयों, 1857 आंगनबाड़ी केंद्रों और 47 व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में बच्चों को दवा दी जाएगी। अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को 25 नवंबर को मॉपअप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि अभियान के लिए सभी विकासखंडों में दवाओं का वितरण कर दिया गया है। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि अभियान का सुचारु एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता की कमी के चलते बच्चों में कृमि संक्रमण होने का खतरा रहता है। इससे शरीर में खून की कमी, कुपोषण तथा शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। कृमि संक्रमण का असर बच्चों की सेहत के साथ-साथ उनकी पढ़ाई और कार्यक्षमता पर भी पड़ता है। बच्चों में थकान, चिड़चिड़ापन और चेहरे पर सफेद दाग जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल दवा का सेवन जरूरी है। यह दवा सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान संचालित किया जाता है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और 18 नवंबर को निर्धारित अभियान के दौरान उन्हें एल्बेंडाजोल की दवा अवश्य खिलवाएं, जिससे बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर स्वस्थ रखा जा सके।
