पौड़ी 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को पौड़ी में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मौजूदा चुनौतियों और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और समाज को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके लिए निष्पक्षता, विश्वसनीयता और तथ्यों की पुष्टि को प्राथमिकता देना जरूरी है।
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने कहा कि वर्तमान समय में खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए भ्रामक और आकर्षक शीर्षकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों के विपरीत है। समाचार का शीर्षक उसकी वास्तविकता और गंभीरता के अनुरूप होना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन उनियाल ने कहा कि पत्रकारों को किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करनी चाहिए। निष्पक्षता और विश्वसनीयता ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार कुलदीप बिष्ट ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पत्रकारों को आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को भी समझना चाहिए। सामाजिक सरोकारों से जुड़कर ही पत्रकारिता अपनी सार्थक भूमिका निभा सकती है।
जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता की स्वतंत्रता, मूल्यों और जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन करने का अवसर है। सूचना के तीव्र प्रसार के इस दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण से पहले उनकी तथ्यात्मक पुष्टि करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सनसनी के बजाय समाचार की वास्तविकता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रह सकता है। उन्होंने पत्रकारों से सामाजिक समस्याओं के साथ ही विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
गोष्ठी में पत्रकार अजय रावत, बीपी बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल, विजेंद्र नेगी और प्रदीप बंसल सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
