ऋषिकेश 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर बाजार के पास हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में छह यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि 20 यात्री घायल हो गए। घायलों को रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बस के गहरी खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस को हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं, एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
