पौड़ी 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद के उद्यमियों और स्टार्टअप संचालकों को अपने कारोबार के विस्तार और निवेश जुटाने का अवसर मिलने जा रहा है। 21 से 23 नवंबर तक स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट पर ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से जनपद के इच्छुक उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और औद्योगिक इकाइयों से कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की गई है।
पिचाथॉन में प्रतिभागियों को अपने व्यावसायिक विचार, नवाचार और उत्पाद निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए उद्यमी अपने कारोबार के विस्तार, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, परिचालन व्यवस्था में सुधार और उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने के लिए निवेश की संभावनाएं तलाश सकेंगे।
आयोजन में पंजाब एंजेल्स नेटवर्क सहयोगी के रूप में निवेशकों और उद्यमियों के बीच संपर्क स्थापित करने में मदद करेगा। वहीं, मेंटरिंग पार्टनर मेंटरएक्स के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को बिजनेस प्रस्ताव तैयार करने, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और निवेश हासिल करने की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों को वेंचर कैपिटल सहित विभिन्न वित्तपोषण विकल्पों की जानकारी और उद्योग जगत के विशेषज्ञों से परामर्श भी मिलेगा।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने कहा कि यह आयोजन उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों और नवाचारों को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देगा। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और औद्योगिक इकाइयों से इसमें प्रतिभाग कर लाभ उठाने की अपील की।
इच्छुक उद्यमी एवं औद्योगिक इकाइयां पंजीकरण और पिचिंग के लिए www.udyamgrowth.com पर आवेदन कर सकते हैं।
