पाबौ 21 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय उत्कृष्ट इंटर कॉलेज पाबौ में जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा और दूसरों की मदद करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि समय पर सही निर्णय लेने और बचाव के तरीकों की जानकारी होने से आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए नियमित प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का अभ्यास बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भूकंप आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं को भूकंप आने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, स्वयं को बचाने तथा भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी बताए गए।
मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों ने उपलब्ध संसाधनों की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार किया और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का व्यावहारिक अभ्यास किया। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया कि आपात स्थिति में सीमित संसाधनों के बावजूद सूझबूझ और आपसी सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
