

देहरादून 1 फरवरी
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में शारदा कॉरिडोर परियोजना को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि परियोजना के लिए जल्द ही भूमि का ज्वाइंट सर्वे किया जाए और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में भूस्खलन की दृष्टि से संवेनदशील क्षेत्र की स्टडी कर उनके सुरक्षात्मक उपायों पर कार्य किए जाएं।
इस परियोजना के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शार्दा नदी के किनारे रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा। इसमें नदी किनारे घाटों का सौन्दर्यीकरण, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शार्दा और गंगा कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य राज्य में धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को सुविधा देना है। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाओं में अलग-अलग डिजाइन पर कार्य किए जाएंगे। शार्दा कॉरिडोर के तहत बुनियादी ढ़ांचे, पर्यटन और लोगों की आर्थिकी को बढ़ावा देने से संबधित अनेक कार्य किए जाएंगे।
