
ऋषिकेश 04 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने त्रिवेणी घाट और ऋषिकेश के आसपास शिकायतों और समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए श्रीगंगा सभा की जांच के लिए ज्वाइंट कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी श्रीगंगा सभा के कार्यों और आय व्यय आदि की जांच करेगी। इस अवसर पर ऋषिकेश प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा कर ऋषिकेश में उप सूचना केंद्र खोलने की मांग की। जिलाधिकारी सविन बंसल शुक्रवार को ऋषिकेश आए थे। नगर निगम प्रशासक कार्यालय में मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि त्रिवेणी घाट में अतिक्रमण, प्लास्टिक प्रदूषण और अन्य शिकायतों पर शीघ्र संज्ञान लिया जा रहा है। श्री गंगा सभा के कार्यों की जांच करने के लिए उन्होंने ज्वाइंट कमेटी गठित की। जिसका कमेटी में उप जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और अधिशासी अभियंता सिंचाई को शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि ऋषिकेश क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या गंभीर है। जिसे लेकर उप अधिकारी, नगर आयुक्त और पुलिस उपाधीक्षक प्रभावी कार्यवाही करेंगे। यह कार्यवाही निरंतर जारी रखने के उन्होंने निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निगम परिसर में पौधारोपण कर लोगों को पौधारोपण के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी का निगम की महिला कर्मचारियों ने तिलक लगाकर, हाथ में मौली बांधकर व पुष्प गुच्छ भेंटकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी स्मृता परमार, नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त रमेश सिंह रावत और चंद्रकांत भट्ट आदि मौजूद थे।
