

देहरादून 1 जनवरी
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड राज्य सरकार ने प्रदेश की भावी पीढ़ी को उनकी समृद्ध सांस्कृतिक लोक विरासत और महान विभूतियों की जीवनी से परिचित कराने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने प्राथमिक शिक्षा के तहत सामाजिक विज्ञान विषय की सहायक पुस्तिका के रूप में ‘हमारी विरासत एवं विभूतियां’ पुस्तक को शामिल करने की मंजूरी दे दी है।
यह पुस्तिका कक्षा 6 से 8 तक के पाठ्यक्रम में शैक्षिक सत्र 2025-26 से पढ़ाया जाएगा। इस पुस्तक के माध्यम से छात्र-छात्राएं प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक लोक विरासत, लोकगीत, लोक नृत्य, सांस्कृतिक विविधता, प्रदेश का गौरवशाली इतिहास, पृथक राज्य आंदोलन, विभिन्न राजनीतिक, सांस्कृतिक व सामाजिक चेतना से जुड़े आंदोलन, प्रदेश का सामाजिक व आर्थिक विकास सहित प्रदेश की महान विभूतियों की जीवनी से परिचित होंगे।
इस पुस्तक को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार किया गया है और इसका विमोचन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा जुलाई 2024 में किया जा चुका है।
