

स्वर्गाश्रम 28 दिसंबर
गजेंद्र सिंह
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने हिमानी राणा पर विश्वास जताया है। पार्टी से उन्हें निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए टिकट मिला है। पार्टी से उन्हें टिकट मिलने से भाजपा खेमे में खुशी का माहौल छा गया गया। भाजपा कार्यकर्ता अपने पद के प्रत्याशी दावेदार को टिकट मिलने पर बधाई दे रहे हैं।
वर्ष 2012 में नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक का गठन हुआ था, इससे पहले यह ग्राम पंचायत थी। वर्ष 2013 में पहली बार यहां नगर पंचायत के चुनाव हुए थे, जिसमें पहली बार अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशी की जीत हुई थी। वर्ष 2018 में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी की जीत हुई थी। वर्ष 2013 निकाय चुनाव में हिमानी राणा वार्ड नंबर तीन से सभासद रही। इसके अलावा हिमानी लगातार निकाय क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में सक्रिय हैं। वहीं कांग्रेस ने पूर्व निकाय अध्यक्ष माधव अग्रवाल की भाभी बिंदिया अग्रवाल पर विश्वास जताया है। बिंदिया अग्रवाल राजनीति परिवार से होने के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता हैं। अब देखने वाली बात होगी कि निकाय के करीब 42 सौ मतदाता किस पार्टी के प्रत्याशी को अपना बहुमत देकर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हैं।
